दंतेवाड़ा के युवाओं को आत्मनिर्भर बना रहा IIM रायपुर का उद्यमिता प्रशिक्षण

रायपुर, दंतेवाड़ा के 50 युवाओं ने आईआईएम रायपुर में दो माह का आवासीय उद्यमिता प्रशिक्षण पूरा कर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाया है। 23 अप्रैल से 13 जून तक चले इस कार्यक्रम में उन्हें व्यवसाय, ब्रांडिंग, मार्केटिंग और नवाचार की व्यावहारिक शिक्षा दी गई।

कलेक्टर कुणाल दुदावत की पहल और जिला प्रशासन के सहयोग से चयनित इन युवाओं को आईआईएम जैसे संस्थान से प्रशिक्षण दिलाया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिभागियों से मुलाकात कर उन्हें प्रोत्साहित किया और कहा कि बस्तर के युवाओं में विकास की बड़ी क्षमता है।

महुआ, इमली, पर्यटन और प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित स्टार्टअप की दिशा में ये युवा अब अपने क्षेत्र में नए रोजगार के अवसर तैयार कर रहे हैं। यह पहल बस्तर को संघर्ष से विकास की ओर ले जाने वाली एक मिसाल बन रही है।