टिकेश साहू व सुयश नाहटा विधायक प्रतिनिधि नियुक्त
टिकेश साहू व सुयश नाहटा विधायक प्रतिनिधि नियुक्त
नगर पंचायत व जनपद में राजनैतिक कसावट के आसार
विधायक ने जारी की संस्थानों में प्रतिनिधियों की सूची
डोंगरगांव। विधायक दलेश्वर साहू ने संस्थानों में अपने प्रतिनिधित्व के लिए विधायक प्रतिनिधि नियुक्त कर दिए हैं। जिला पंचायत, जनपद पंचायत व नगर पंचायत सहित विभिन्न शासकीय एवं शैक्षणिक संस्थानों में बहुप्रतीक्षित विधायक प्रतिनिधियों की नियुक्ति कर कलेक्टर जिला प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई हेतु पत्र प्रेषित किया है।
विधायक दलेश्वर साहू ने जिला पंचायत राजनांदगाँव में पूर्व जनपद उपाध्यक्ष डोंगरगांव सुयश नाहटा को प्रतिनिधि नियुक्त किया है। जनपद पंचायत डोंगरगांव में पुर्व जनपद अध्यक्ष टिकेश साहू को विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किया है। जनपद पंचायत डोंगरगढ़ में पूर्व जनपद अध्यक्ष भावेश सिंह को अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया है। इसी क्रम में नवीन यदु को शासकीय कालेज, अखिलेश नखत को नगर पंचायत एवं महेंद्र वैष्णव को सरकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिनिधि नियुक्त किया है।
उपरोक्त समस्त विधायक प्रतिनिधि संबंधित संस्थाओं की बैठकों में हिस्सा लेकर विधायक की ओर से प्रतिनिधित्व करेंगे। उल्लेखनीय है नगर पंचायत, जनपद पंचायत सहित जिला पंचायत में विपक्ष कांग्रेस समर्थित सदस्यों अथवा पार्षदों के मध्य विधायक प्रतिनिधि की कमी लगातार महसूस की जा रही थी। अब संस्थाओं में राजनैतिक व प्रशासनिक कसावट आने के आसार हैं।

