रायपुर। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण सोमवार सुबह पेयजल सप्लाई होने के बाद पाइपलाइन मरम्मत का काम शुरू किया गया था। इस वजह से रायपुर की 10 ओवरहेड टंकियों से शाम को पेयजल की सप्लाई नहीं हो पाई थी। देर शाम तक मरम्मत के बाद रात 8 बजे से
टंकियों में जलभराव का काम शुरू किया गया। प्रभावित क्षेत्र में मंगलवार सुबह हर दिन की तरह पेयजल की सप्लाई हो जाएगी।
रायपुर नगर निगम के फिल्टर प्लांट के कार्यपालन अभियंता बद्री चंद्राकर ने बताया कि जलकार्य विभाग के अध्यक्ष सतनाम पनाग तथा निगमायुक्त मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर सोमवार सुबह से 5 तकनीशियन और 10 मजदूर लगाकर पाइपलाइन मरम्मत का कार्य प्रारंभ किया गया। शाम 7 बजे तक कार्य पूरा होने के बाद खारुन नदी इंटेकवेल से वाल्व खोलकर रा वाटर पम्पों के माध्यम लेना प्रारम्भ कर सम्पवेल को भरना शुरू किया गया। सम्पवेल में जलभराव के बाद जल को फिल्टर कर रात 8 बजे ओवरहेड टंकियों में जलभराव करने का काम प्रारंभ किया गया। पहले आशंका थी कि मरम्मत का कार्य देर तक चल सकता है। इस वजह से ओवरहेड टंकियों में पूरी क्षमता से जलभराव नहीं हो पाएगा। इस वजह से मंगलवार सुबह पेयजल सप्लाई आंशिक रूप से प्रभावित हो सकती है। किंतु समय पर कार्य पूरा होने से मंगलवार सुबह हर दिन की तरह पेयजल की सप्लाई हो जाएगी। पाइपलाइन की मरम्मत कार्य होने की वजह से आज लाखों लोग प्रभावित रहे। मरम्मत कार्य की प्रगति की महापौर एजाज ढेबर दिनभर मॉनिटरिंग करते रहे। मरम्मत के बाद उन्होंने फिल्टर प्लांट की टीम को शाबासी भी दी।

