आदि कर्मयोगी अभियान: जनजातीय उत्थान की ओर नया कदम

रायपुर। केन्द्रीय जनजातीय मंत्री दुर्गादास उइके ने मंगलवार को रायपुर में आदि कर्मयोगी मास्टर ट्रेनर्स की राज्य स्तरीय कार्यशाला का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा रखने वाले व्यक्तित्व को आने वाली पीढ़ी याद रखती है। आदि कर्मयोगियों को जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के साथ उनके उत्पादों को बेहतर बाजार दिलाने पर जोर देना चाहिए।

कार्यक्रम में राज्य के आदिम जाति मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि आदि कर्मयोगी अभियान विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करेगा। छत्तीसगढ़ में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक यह अभियान सेवा पर्व के रूप में चलेगा।

प्रमुख सचिव सोनमणी बोरा ने बताया कि 28 जिलों के 138 ब्लॉकों में 1.33 लाख कर्मयोगियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। ट्राईफेड एमडी हृदेश कुमार ने अभियान में ट्राईफेड के पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यशाला में बस्तर और सरगुजा संभाग के प्रशिक्षणार्थी शामिल हुए।