मुख्यमंत्री साय बोले- सुशासन और पारदर्शिता के साथ हर वर्ग तक पहुंचाएंगे योजनाओं का लाभ
गढ़फुलझर/रायपुर, 24 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को महासमुंद जिले के गढ़फुलझर में बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज के वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं बंधु मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 50 लाख रुपए की लागत से निर्मित सर्वमंगल भवन का लोकार्पण किया। वहीं, मंदिर परिसर में 50 लाख रुपए की लागत से भव्य डोम निर्माण की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। गढ़फुलझर में 48 लाख रुपए से मानसरोवर तालाब का सौंदर्यीकरण और करीब 3.50 करोड़ रुपए की लागत से पौने दो किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीबों, महिलाओं, किसानों और श्रमिकों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने शासकीय सेवाओं को आसान बनाने के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु पोर्टल जैसी सुविधाओं का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद धर्मेंद्र प्रधान, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि और समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

