रायपुर, 24 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की OTS-2 योजना के तहत अब तक 1,659 आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियां बिक चुकी हैं। इनका कुल मूल्य 251.71 करोड़ रुपए है। योजना में शामिल 2,656 संपत्तियों में से अब 997 बिक्री के लिए शेष हैं।
मंडल आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने 23 अक्टूबर को योजना की समीक्षा कर शेष संपत्तियों के विक्रय में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने आवासीय परिसरों में लिफ्ट, मरम्मत, रखरखाव और मूलभूत सुविधाओं की कमियां दूर करने को कहा।
योजना के प्रचार-प्रसार के लिए रायपुर, नवा रायपुर और दुर्ग में आवास रथ भी शुरू किए जाएंगे। इनके माध्यम से इच्छुक खरीदारों को उपलब्ध संपत्तियों का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया जाएगा।
OTS-2 योजना 1 मार्च 2025 से संचालित है। इसके तहत पात्र संपत्तियों की खरीद पर मार्च 2027 तक 10 से 30 प्रतिशत तक छूट मिलेगी। पूर्ववर्ती OTS योजना में 17.27 प्रतिशत संपत्तियां ही बिक पाई थीं, जबकि वर्तमान योजना में अब तक 62.5 प्रतिशत संपत्तियों का विक्रय हो चुका है।

