इंटर्न्स के स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर विचार का आश्वासन

रायपुर, 13 अगस्त। चिकित्सा शिक्षा आयुक्त रितेश अग्रवाल की अध्यक्षता में बुधवार को आईएमए प्रतिनिधियों और विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न्स की बैठक हुई। इसमें इंटर्न्स की समस्याओं और मांगों पर सकारात्मक चर्चा की गई।
इंटर्न्स ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग रखी, जिस पर विभाग ने छात्रहित में गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। बैठक में बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष के बजट में अधिकांश मेडिकल कॉलेजों में छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल स्वीकृत किए गए हैं।
अधिकारियों ने इंटर्न्स से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित नहीं करने की अपील की। IMA-MSN छत्तीसगढ़ के संयोजक शाहदिल ख़ुसरू ने बैठक को समस्या के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल बताया। बैठक में रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, कांकेर और अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के इंटर्न्स शामिल हुए।