रायपुर, 25 अक्टूबर। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शनिवार को कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा ब्लॉक के दूरस्थ ग्राम माहला के ग्रामीणों से वर्चुअल संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने परतापुर पंचायत में 20 लाख रुपये से डोम निर्माण की घोषणा की।
श्री शर्मा ने कहा कि शासन की योजनाएं अब दुर्गम इलाकों तक प्राथमिकता से पहुंचेंगी। माओवादी प्रभावित माहला गांव लौटे परिवारों को प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं और पात्रों को वन अधिकार पट्टे भी दिए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों को तेंदूपत्ता, महुआ व लाख उत्पादन से आमदनी बढ़ाने का सुझाव दिया।
सांसद भोजराज नाग ने कहा कि सुरक्षा कैंपों से क्षेत्र में स्थिरता आई है। उन्होंने विकास कार्यों के लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपये देने और दशहरा उत्सव हेतु मां दंतेश्वरी रथ निर्माण में सहयोग की घोषणा की।
जनपद अध्यक्ष श्यामबती मंडावी ने महिलाओं के लिए सिलाई प्रशिक्षण और युवाओं के लिए राजमिस्त्री प्रशिक्षण शुरू करने की जानकारी दी। कार्यक्रम में ग्रामीणों को राशन कार्ड और सहायक उपकरण भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों व बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
