रायपुर, 25 अक्टूबर। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नारायणपुर प्रवास के दौरान कच्चापाल स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम पहुंचकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-शांति की कामना की। उन्होंने आश्रम के प्राचार्य स्वामी वसुदानंद से क्षेत्रीय विकास और आश्रम की गतिविधियों पर चर्चा की।
श्री शर्मा ने आश्रम के बच्चों से बातचीत की और उनके साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया। बच्चों की तत्परता और उत्तर देने की क्षमता की उन्होंने सराहना की। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और हर बच्चे तक बेहतर शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी समस्या की स्थिति में बच्चों को जिला प्रशासन से संपर्क करने की सलाह दी।
