राजनांदगांव । प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कमलजीत सिंह पिंटू ने कहा है कि प्रदेश में लगातार अपराध बढ़ता जा रहा है । प्रदेश सरकार के संरक्षण में माफिया फल-फूल रहे हैं। बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन जोरों पर हो रहा है। रेत माफिया अब लोगों पर गोलियां चलाने लगे हैं, दो दिन पहले ही राजिम में भी रेत तस्करो द्वारा पत्रकारों पर हमला किया गया। वहीं बुधवार की रात राजनांदगांव शहर के बीच मोहड़ वार्ड में रेत माफियाओं ने वार्ड के लोगों पर एक के बाद एक लगभग चार-पांच गोलियां चला दी, जिसमें वार्ड विकास समिति के अध्यक्ष सहित तीन लोग घायल हो गए । उन्होने कहा कि प्रदेश में लचर कानून व्यवस्था है। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा के प्रभार जिले राजनांदगांव में रेत माफिया को खुला संरक्षण मिल रहा है । उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह का निर्वाचन क्षेत्र होने के बाद भी यहां पर माफिया राज चल रहा है। अवैध तस्करी के खिलाफ आवाज उठाने वाले ग्रामीणों पर माफिया खुले आम गोली बरसा रहे हैं । कांग्रेस प्रवक्ता श्री पिंटू ने कहा कि सत्ता सरकार के राजनीतिक संरक्षण बिना दूसरे राज्य से आए गुंडों के द्वारा अवैध रेत खदान से रेत निकालना, गोली चलना कैसे संभव हो सकता है । श्री पिंटू ने रेत माफियाओं द्वारा वार्ड के लोगों पर हुए इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए प्रदेश की विष्णु देव साय सरकार को असफल बताते हुए कहा है कि सरकार सुशासन के नाम का ढिंढोरा पीट रही है और यहां प्रदेश की जनता पर माफिया गोली चल रहे हैं।

