रायपुर, 13 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से गुरुवार को सरगुजा के ग्रामीण अंचलों से शैक्षणिक भ्रमण पर आए करीब 50 मेधावी विद्यार्थियों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर उनके अनुभव, रुचियों और भविष्य के सपनों की जानकारी ली।
साय ने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की मजबूत नींव है। बच्चों को बड़े लक्ष्य तय कर अनुशासन, लगन और मेहनत से उन्हें हासिल करने का प्रयास करना चाहिए। सफलता केवल डॉक्टर या इंजीनियर बनने तक सीमित नहीं है। शिक्षा, विज्ञान, खेल, तकनीक, प्रशासन, अनुसंधान और उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर हैं।
उन्होंने ग्रामीण विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित संस्थानों से परिचित कराने की पहल की सराहना की और मन लगाकर पढ़ाई कर प्रदेश व माता-पिता का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने भी विद्यार्थियों को अनुशासन और समय के सदुपयोग का महत्व बताया।
विद्यार्थियों ने नवा रायपुर स्थित आईआईएम, ट्रिपल आईटी, ट्राइबल म्यूजियम और राज्य युवा आयोग कार्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान शिक्षकगण और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

