रायपुर, 13 अगस्त। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने दुर्ग परिक्षेत्र के संभागों में सड़क व भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अतिवृष्टि और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों-पुलों की मरम्मत व निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवागमन जल्द बहाल करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मानसून के दौरान पेच रिपेयरिंग और गड्ढे भरने का काम तत्काल कराने तथा सभी निर्माण कार्य तय टाइम-लाइन में पूरा करने को कहा। अभियंताओं को सप्ताह में कम से कम दो दिन निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
बंसल ने पूर्ण कार्यों के सभी देयकों का भुगतान तीन माह के भीतर कर पीडब्ल्यूडी-आईएमएस में कार्य क्लोज करने को कहा। कार्यक्रमों के बिलों का भुगतान एक माह में करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी, दुर्ग मुख्य अभियंता एनके जयंत सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

