रायपुर। रायपुर पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 191.525 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इसकी कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपए आंकी गई है। मामले में अंतर्राज्यीय तस्करी से जुड़े पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ओडिशा से नागपुर गांजा ले जा रहे थे।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में लाभांडी के पास ट्रक की जांच के दौरान भारी मशीनरी के नीचे सात बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा, ट्रक और मशीनरी जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार यह रायपुर कमिश्नरेट में अब तक पकड़ी गई गांजे की सबसे बड़ी खेप है। मामले में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

