राजनांदगांव। सिटी कोतवाली पुलिस ने साइबर ठगी में प्रयुक्त म्यूल बैंक खातों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में लिकेश साहू (22) निवासी पटपर डोंगरगढ़ और चंदूलाल क्षत्रीय (55) निवासी बसंतपुर शामिल हैं।
पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के आधार पर साइबर सेल ने जांच में पाया कि 9 बैंक खातों के माध्यम से 6 लाख 86 हजार 860 रुपए की ठगी राशि का लेन-देन हुआ। खाताधारकों द्वारा अवैध रकम के उपयोग और संरक्षण के प्रमाण मिलने पर अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई। इससे पहले दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस की अपील: आमजन किसी के कहने पर अपना बैंक खाता, एटीएम, चेकबुक या मोबाइल सिम उपलब्ध न कराएं। म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराना भी अपराध है और इसमें शामिल व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
