लापरवाही पर गिरी गाज: मोहला के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अम्बुलकर निलंबित

दुर्ग। दुर्ग संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर ने प्रशासनिक अनुशासन में सख्ती दिखाते हुए मोहला के पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ एवं विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर अम्बुलकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कार्रवाई छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम-1966 के तहत की गई।
जांच में जिला स्तरीय बैठकों से अनुपस्थिति, शासकीय कार्यों में लापरवाही, धान उपार्जन केंद्र में ड्यूटी से गैरहाजिरी और बिना अनुमति मुख्यालय से बाहर रहने जैसे गंभीर आरोप सही पाए गए। आकस्मिक निरीक्षण में वे अनुपस्थित मिले और मोबाइल लोकेशन महाराष्ट्र में पाई गई।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय उप संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं, राजनांदगांव निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।