जोमैटो डिलीवरी बॉय से लूट, दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। सिविल लाइन क्षेत्र में चाकू की नोक पर जोमैटो डिलीवरी बॉय से मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी और विधि से संघर्षरत एक बालक को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया। उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल, एक अन्य मोबाइल और घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार 2 अगस्त की रात कटोरा तालाब स्थित संत कंवरराम चौक के पास डिलीवरी के दौरान आरोपियों ने ऑर्डर लेने के बाद चाकू दिखाकर डिलीवरी बॉय से उसका मोबाइल लूट लिया था। गिरफ्तार आरोपी भूपेंद्र भारती उर्फ आकू के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं, जबकि बाल अपचारी भी नकबजनी के प्रकरण में पहले निरुद्ध रह चुका है।