संत रविदास जयंती पर रहेगा सार्वजनिक अवकाश, राज्य अलंकरण भी होगा शुरू

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि संत रविदास ने समरसता, समानता और भक्ति का जो संदेश दिया, वही विकसित और सशक्त भारत की आधारशिला है। मंगलवार को रायपुर में संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष पर आयोजित कलश वंदन महाअभियान में उन्होंने संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से लाए गए पवित्र कलश का वंदन किया और जिलों के प्रतिनिधियों को सौंपा।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वर्ष 2027 में संत रविदास जयंती (माघी पूर्णिमा) पर प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश रहेगा तथा मांस और मदिरा बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। उन्होंने संत रविदास के नाम पर राज्य अलंकरण पुरस्कार शुरू करने और नवा रायपुर के एक प्रमुख चौक का नामकरण उनके नाम पर करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि कलश वंदन अभियान संत रविदास के समरसता और सामाजिक एकता के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाएगा।