राजनांदगांव/चिचोला क्षेत्र में टाटा कंपनी के नाम से क्षेत्र में नकली लिक्विड यूरिया बेचने की शिकायत पर पुलिस ने कुछ दुकानों में रेड की कार्रवाई कर करीब 85 बाल्टी नकली लिक्विड यूरिया बरामद की है।नकली यूरिया कार श्रृंगार और कुछ किराने की दुकानों में बेची जा रही थी।चिचोला पुलिस ने चार दुकानदारों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार टाटा कंपनी के ईआईपीआर अटारनी होल्डर राजेश पिता पारस रविदास ने शिकायत दर्ज कराई कि चिचोला क्षेत्र के कुछ दुकानों में टाटा कंपनी के नाम पर नकली डीएएफ यूरिया लिक्विड खाद बिकने की शिकायत मिली है।
प्रार्थी की शिकायत पर टाटा कंपनी के एक्सपर्ट के साथ पुलिस सुपर इलेक्ट्रॉनिक वर्कशॉप, जायसवाल किराना रानीतलाब, माँ कर्मा ट्रक श्रृंगार रानीतलाब, और यूपी प्रतापगढ़ ढाबा पाटेकोहरा में रेड की करवाई की।
अब जांच में होगा बड़ा खुलासा
इस दौरान इन चारों दुकानों से करीब 85 नग बाल्टी नकली यूरिया जब्त किया है।पुलिस ने इस मामले में दुकानदार नवाज शरीफ पिता अमर हुसैन निवासी पाटेकोहरा, नईमुद्दीन अंसारी उर्फ मुन्ना पिता गफ्फार निवासी सड़क बंजारी,संतोष साहू पिता चमरुराम निवासी कुहीकोंडा और नरेश साहू पिता सरजू निवासी रानीतलाब को टाटा डीएएफ यूरिया के बाल्टी की जगह नकली खुद से स्टीकर एवं सील लगाकर टाटा डीएएफ यूरिया का विक्रय के मामले में गिरफ्तार किया है।सभी दुकानदार सप्लायर से टाटा कंपनी के नाम से लिक्विड यूरिया खरीदी कर बेच रहे थे।मामले की कड़ाई के साथ जांच करने पर बड़े पैमाने में रैकेट का खुलासा की संभावना है।
चारों दुकानदारों के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है ।
