रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, फसल विविधिकरण, आधुनिक तकनीक और कृषि यंत्रीकरण के जरिए खेती को अधिक लाभकारी बनाया जाएगा। मंगलवार को रायपुर में आयोजित ‘किसान और किसानी-प्रोत्साहन तथा परिणाम’ संवाद कार्यक्रम में उन्होंने प्रगतिशील किसानों का सम्मान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है तथा पिछले खरीफ सीजन में 25 लाख किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की रिकॉर्ड खरीदी हुई। उन्होंने बताया कि धान के बजाय दलहन, तिलहन, मक्का और कोदो-कुटकी जैसी फसलें लेने वाले किसानों को 15 हजार रुपए प्रति एकड़ आदान सहायता मिलेगी। साथ ही नई सिंचाई परियोजनाओं, बैराज, नहर विस्तार, सोलर पंप और सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा दिया जा रहा है।

