रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सोमवार को मंत्रालय में स्वास्थ्य अधोसंरचना से जुड़े निर्माण कार्यों की समीक्षा की। बैठक में स्वास्थ्य एवं लोक निर्माण विभाग के सचिव सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। रायपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन ट्रॉमा सेंटर, क्रिटिकल केयर यूनिट, नवीन सिकल सेल इंस्टीट्यूट, छात्रावास और स्टाफ आवासीय भवनों की प्रगति पर चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को गुणवत्ता से समझौता किए बिना सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि प्रदेशवासियों को जल्द बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

