रायपुर। विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा से भागता है। शर्मा ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना को रोका, जबकि वर्तमान सरकार ने ढाई वर्षों में 18 लाख आवास स्वीकृत कर 11 लाख आवास पूरे कराए हैं।
उन्होंने शराब, कोयला और पीएससी भर्ती घोटालों, कानून-व्यवस्था, धर्मांतरण, अवैध घुसपैठ, नक्सलवाद और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर भी कांग्रेस सरकार को घेरा। शर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार पारदर्शी प्रशासन, महिला सशक्तिकरण, पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और नक्सल उन्मूलन की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार समस्याओं की नहीं, समाधान की राजनीति कर रही है।

