रायपुर, । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गौ संरक्षण तभी सफल होगा, जब हर परिवार इसमें भागीदारी निभाए। उन्होंने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में ‘मेरा परिवार गौव्रति परिवार’ अभियान का शुभारंभ किया और गौ विज्ञान परीक्षा के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष 1.64 लाख से अधिक विद्यार्थियों की परीक्षा में भागीदारी नई पीढ़ी के भारतीय संस्कृति और वैज्ञानिक सोच से जुड़ाव का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि गौशालाओं के लिए प्रति गाय चारा सहायता 20 से बढ़ाकर 35 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है तथा सुरभि गौधाम योजना और एनडीडीबी के सहयोग से डेयरी विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है।
गौ विज्ञान परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को क्रमशः 51 हजार, 31 हजार और 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। समारोह में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गौ सेवा से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।

