‘दीदी के गोठ’ से महिलाओं को मिल रही आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा : मुख्यमंत्री साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि रेडियो कार्यक्रम ‘दीदी के गोठ’ महिलाओं के लिए प्रेरणा और आत्मनिर्भरता का सशक्त मंच बन गया है। रायपुर में आयोजित वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में उन्होंने ‘दीदी के गोठ’ कॉफी टेबल बुक, ‘बिहान वाणी’ त्रैमासिक पत्रिका और ‘मोर गांव–मोर पानी’ पुस्तक का विमोचन किया तथा सफलता की कहानी साझा करने वाली महिलाओं का सम्मान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के एक वर्ष में 12 एपिसोड प्रसारित हो चुके हैं, जिनके माध्यम से हजारों महिलाओं तक स्वरोजगार, नवाचार और आजीविका की प्रेरक कहानियां पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है और स्व-सहायता समूहों की महिलाएं आज विभिन्न क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बन रही हैं।