तुमड़ीबोड़ स्कूल में शाला प्रवेश उत्सव, छात्राओं को मिली साइकिलें

राजनांदगांव। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुमड़ीबोड़ में शाला प्रवेश उत्सव उत्साह के साथ मनाया गया। नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान कक्षा 9वीं व 10वीं के विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों तथा 9वीं की छात्राओं को सरस्वती योजना के तहत साइकिलों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को फोल्डर बैग देकर सम्मानित किया गया। सरपंच भुनेश्वरी साहू ने विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम पर बधाई देते हुए भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. मोन्सी वर्गीस, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, पालक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।