रायपुर। राज्य में डिजिटल गवर्नेंस और नागरिकों के डेटा की सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रायपुर में “स्टेट डेटा के लिए साइबर सुरक्षा ढांचा सुदृढ़ीकरण” विषय पर उच्चस्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग तथा चिप्स द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 120 से अधिक अधिकारी और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ शामिल हुए।
सचिव अंकित आनन्द ने कहा कि साइबर सुरक्षा अब केवल तकनीकी नहीं, बल्कि सुशासन और जनविश्वास का विषय है। चिप्स के सीईओ मयंक अग्रवाल ने बताया कि राज्य के लिए व्यापक साइबर सुरक्षा रोडमैप तैयार किया जा रहा है। कार्यशाला में डेटा सेंटर सुरक्षा, जीरो ट्रस्ट आर्किटेक्चर, साइबर जागरूकता और डेटा गवर्नेंस सहित छह प्रमुख विषयों पर चर्चा हुई।
विशेषज्ञों ने राष्ट्रीय और वैश्विक सुरक्षा मानकों की जानकारी दी, वहीं समूह चर्चाओं में सुरक्षा ऑडिट, निगरानी तंत्र और क्षमता निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव मिले। चयनित अनुशंसाएं राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भेजी जाएंगी।

