अल-नीनो से निपटने छत्तीसगढ़ तैयार, दलहन-तिलहन व कम अवधि की फसलों पर जोर

रायपुर। संभावित अल-नीनो के कारण कमजोर मानसून की आशंका को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों के लिए विशेष रणनीति बनाई है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने बताया कि राज्य में अब तक केवल 30.8 मिमी औसत वर्षा हुई है और खरीफ बोनी का मात्र 2 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है।
सरकार ने कम अवधि वाली धान किस्मों, दलहन-तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसलों को बढ़ावा देने, गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने तथा फसल बीमा को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। सूखा प्रभावित 15 जिलों के लिए 1.22 लाख क्विंटल बीज उपलब्ध कराए गए हैं। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने भी अल-नीनो को ध्यान में रखते हुए आकस्मिक कार्ययोजना तैयार की है।