रायपुर, 20 जून। बस्तर के दुर्गम और नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ क्षेत्र में मानसून के दौरान राशन संकट न हो, इसके लिए प्रशासन ने 39 पहुंचविहीन उचित मूल्य दुकानों में तीन माह का अग्रिम खाद्यान्न भंडारित कर दिया है। कलेक्टर के निर्देश पर नोडल अधिकारी दुर्गम गांवों में पहुंचकर राशन का भौतिक सत्यापन कर रहे हैं। ओरछा विकासखंड के हांदावाड़ा स्थित बेड़मापारा राशन दुकान का भी निरीक्षण किया गया। खाद्य विभाग के अनुसार सभी 39 दुकानों में शत-प्रतिशत अग्रिम भंडारण पूरा हो चुका है। इससे बारिश में संपर्क टूटने के बावजूद हजारों हितग्राहियों को नियमित राशन मिल सकेगा।

