रायपुर की सड़कों पर उतरी EV 3-व्हीलर ट्रैफिक पेट्रोलिंग, कलेक्टर व एसएसपी ने दिखाई हरी झंडी

रायपुर, रायपुर शहर में यातायात नियमों के प्रचार-प्रसार और जागरूकता अभियान को मजबूती देने के लिए रायपुर पुलिस ने एक नई पहल की शुरुआत की है। बुधवार को कलेक्टर श्री गौरव कुमार और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने EV 3-व्हीलर ट्रैफिक पेट्रोलिंग वाहन को कलेक्टर परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह ट्रैफिक पेट्रोलिंग वाहन छत्तीसगढ़ की EV 3-व्हीलर निर्माता कंपनी जी.के. इलेक्ट्रिक के सहयोग से तैयार किया गया है। इसमें यातायात नियमों से जुड़े चित्रमय स्लोगन और पी.ए. सिस्टम लगाए गए हैं, जिससे चलते-चलते आम लोगों को नियमों की जानकारी दी जाएगी।

क्या है EV ट्रैफिक पेट्रोलिंग वाहन की खासियत?

वाहन में हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, गलत दिशा में वाहन ना चलाने, जैसे स्लोगनों के जरिए जागरूकता फैलाई जाएगी।

पी.ए. सिस्टम के माध्यम से यातायात नियमों की घोषणाएं की जाएंगी।

यह वाहन मुख्य मार्गों से लेकर शहर की तंग गलियों तक पहुंचेगा।

यातायात पुलिस का नया जागरूकता अभियान

रायपुर पुलिस पहले से ही स्कूलों, कॉलेजों और औद्योगिक क्षेत्रों में जाकर जागरूकता अभियान चला रही थी, और अब इस ई-रिक्शा पेट्रोलिंग के जरिए आम नागरिकों तक सीधे पहुंच बनाई जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने इस मौके पर कहा कि, “यदि हम छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें तो सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। हेलमेट, सीट बेल्ट और मोबाइल का सावधानीपूर्वक उपयोग ही सड़क सुरक्षा की पहली सीढ़ी है।”

साझेदारी का उदाहरण

इस पहल को साकार करने में जी.के. इलेक्ट्रिक कंपनी की बड़ी भूमिका रही। कंपनी के डायरेक्टर श्री पुनीत परवानी और श्री अमर परवानी भी इस अवसर पर मौजूद रहे। श्री परवानी ने बताया, “हमारा उद्देश्य सिर्फ वाहन बनाना नहीं बल्कि सुरक्षित यातायात में योगदान देना है। रायपुर पुलिस के साथ मिलकर किया गया यह प्रयास एक मिसाल बनेगा।”

संदेश जो दिया गया:

हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य करें।

वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।

नशे की हालत में वाहन न चलाएं।

ट्रैफिक नियमों और संकेतों का पालन करें।

इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात डॉ. प्रशांत शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक श्री सतीश ठाकुर, निरीक्षक विशाल कुजूर सहित यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

रायपुर में शुरू की गई यह EV 3-व्हीलर ट्रैफिक पेट्रोलिंग पहल, न केवल शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगी, बल्कि नागरिकों को नियमों के पालन के लिए प्रेरित भी करेगी। यदि आमजन इस अभियान में सहयोग करें तो यह प्रयास रायपुर को ट्रैफिक मैनेजमेंट के क्षेत्र में एक आदर्श शहर बना सकता है।