रायपुर। उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर प्रदेश के सभी महाविद्यालयों को शैक्षणिक कैलेंडर का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति-2020 के तहत पढ़ाई, परीक्षाएं और परिणाम समय पर जारी किए जाएंगे, जिससे उच्च शिक्षा व्यवस्था अधिक अनुशासित और पारदर्शी बनेगी।
मंत्री ने विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए सभी कॉलेजों में हेल्प डेस्क स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने छात्रों से समय पर प्रवेश लेने की अपील करते हुए कहा कि बार-बार प्रवेश तिथि बढ़ाने की आवश्यकता नहीं पड़नी चाहिए। साथ ही कॉलेजों में अनुशासन, स्वच्छता और शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

