रायपुर। फाफाडीह स्थित विदेशी मदिरा दुकान में निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर शराब बिक्री का मामला सामने आने पर आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए आबकारी उप निरीक्षक कौशल किशोर सोनी को निलंबित कर दिया है। उन पर कर्तव्य में लापरवाही और उदासीनता बरतने का आरोप है।
राज्य स्तरीय उड़नदस्ता दल के निरीक्षण में पाया गया कि विक्रेता अश्वन कुमार मेरिया ने 240 रुपये प्रति पाव की दर वाली दो पाव व्हिस्की 480 रुपये के बजाय 500 रुपये में बेचकर ग्राहक से 20 रुपये अधिक वसूले। मामले में विक्रेता के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। निलंबन अवधि में कौशल किशोर सोनी का मुख्यालय संभागीय उड़नदस्ता कार्यालय रायपुर रहेगा।

