बलौदाबाजार। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने गुरुवार को बलौदाबाजार नगर पालिका क्षेत्र में करीब 3.47 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इसमें विभिन्न वार्डों में राहत शिविर निर्माण, मुक्तिधाम उन्नयन, पाइपलाइन विस्तार और अधोसंरचना विकास कार्य शामिल हैं। साथ ही 12.32 लाख रुपए की लागत से दिव्यांगजनों के लिए बने रैन बसेरे का लोकार्पण भी किया गया।
मंत्री वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेज गति से हो रहे हैं तथा सभी वर्गों के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कार्यक्रम के बाद उन्होंने डबरी किनारे आंवला और जनपद पंचायत परिसर में नीम का पौधा भी लगाया।

