रायपुर, 20 मई। नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के दारेली गांव में चार दशक बाद पहली बार प्रशासनिक टीम पहुंची और जनगणना कार्य पूरा कराया। वर्ष 2011 की जनगणना से भी वंचित रहे इस गांव में अब विकास की नई शुरुआत दिखाई दे रही है।
कलेक्टर विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे समेत अधिकारियों ने गांव पहुंचकर चौपाल लगाई और ग्रामीणों से चर्चा की। ग्रामीणों ने प्रशासन का आत्मीय स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक पहल बताया।
कलेक्टर ने आधार, राशन कार्ड, बैंक खाते व जमीन पट्टों की समीक्षा कर विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए। एक किसान की नामांतरण समस्या पर मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन ने प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी और सभी स्कूली बच्चों को छात्रवृत्ति दिलाने के निर्देश दिए। कभी नक्सल भय से घिरे दारेली में अब विकास और विश्वास का माहौल बन रहा है।
