बस्तर में शुरू होगी पहली आवासीय खेल अकादमी

बस्तर में शुरू होगी पहली आवासीय खेल अकादमी

एथलेटिक्स, फुटबॉल और आर्चरी का मिलेगा प्रशिक्षण

रायपुर। बस्तर अंचल के बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग जगदलपुर में पहली आवासीय खेल अकादमी शुरू करने जा रहा है। अकादमी में एथलेटिक्स, फुटबॉल और आर्चरी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रवेश के लिए जल्द चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा।

खेल संचालक श्रीमती तनुजा सलाम ने जगदलपुर पहुंचकर अकादमी की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने आवास, भोजन, खेल सामग्री, विद्यालय सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

अकादमी में 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। एथलेटिक्स में 20, फुटबॉल में 25 और आर्चरी में 20 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, डाइट, आवास, शिक्षा और प्रतियोगिताओं में भागीदारी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।