जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री साय

रायगढ़ में तीन जिलों की समीक्षा बैठक, राजस्व, पेयजल और खरीफ तैयारी पर दिए निर्देश

रायपुर। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने कहा कि हम सभी जनता के सेवक हैं और आम नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सुशासन तिहार के तहत रायगढ़ में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने रायगढ़, कोरबा और जांजगीर-चांपा जिलों के अधिकारियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य तैयारियों और खरीफ सीजन के लिए खाद-बीज उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल्द मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू की जाएगी, जिससे नागरिक सीधे शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

बैठक में मुख्यमंत्री ने सेवा सेतु पोर्टल पर अधिक आवेदन निरस्त होने पर नाराजगी जताई और आय, जाति व निवास प्रमाण पत्र के मामलों में अनावश्यक परेशानी नहीं देने के निर्देश दिए। उन्होंने “ड्रोन दीदी” योजना को बढ़ावा देने और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया।