रायपुर (ग्रामीण)। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में बिजली तार चोरी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी का सामान खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 2 क्विंटल 25 किलो एल्यूमिनियम तार, जिसकी कीमत लगभग 90 हजार रुपए है, बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, 25 मार्च को अज्ञात चोरों ने कुंडा-बड़गांव रोड स्थित 11 केवी लाइन के 6 विद्युत पोल तोड़कर करीब 500 मीटर तार चोरी कर लिया था। मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच तेज की।
जांच के दौरान सूचना के आधार पर कबाड़ी जगमोहन नारंग के दुकान में दबिश दी गई, जहां चोरी का तार बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दो अज्ञात व्यक्ति वाहन से आकर तार बेच गए थे।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है। वहीं, चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
