महासमुंद। थाना बसना और एएनटीएफ महासमुंद पुलिस ने 912 किलो गांजा तस्करी मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय नेटवर्क के मुख्य सरगना विनय कुमार शर्मा को उत्तर प्रदेश के शामली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अप्रैल में पलसापाली बैरियर पर एक आयशर वाहन से करीब 912.760 किलो गांजा बरामद किया गया था, जिसकी कीमत लगभग 4.56 करोड़ रुपये आंकी गई थी। जांच में सामने आया कि ओडिशा से उत्तर प्रदेश भेजी जा रही इस खेप का मुख्य रिसीवर और फाइनेंसर विनय शर्मा था। पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल डेटा विश्लेषण के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। मामले में गांजा सप्लायर, बिचौलिया और वाहन चालक समेत चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर महासमुंद लाया जा रहा है।

