रायपुर, 8 जुलाई। पद्म विभूषण स्वर्गीय डॉ. तीजन बाई को बुधवार को महंत घासीदास संग्रहालय परिसर में आयोजित सांगीतिक श्रद्धांजलि समारोह में भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने तीजन बाई के नाम पर पंडवानी कला के क्षेत्र में प्रतिवर्ष राज्य सम्मान देने, उनके गृहग्राम गनियारी को कलाग्राम के रूप में विकसित करने तथा उनके तंबूरे को संग्रहालय में संरक्षित करने की घोषणा की।
मंत्री ने तीजन बाई की पुत्रवधु वेणु देशमुख को एक लाख रुपये की सहायता राशि का चेक भी सौंपा। समारोह में तीजन बाई के जीवन पर आधारित ब्रोशर का विमोचन और वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया। उनकी शिष्याओं सहित कई लोक कलाकारों ने पंडवानी की प्रस्तुति देकर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में कलाकारों और साहित्यकारों ने तीजन बाई को मरणोपरांत भारत रत्न देने तथा उनके नाम पर पंडवानी एवं सांस्कृतिक विश्वविद्यालय स्थापित करने की मांग भी उठाई।

