उरला फैक्ट्री हादसे के बाद उत्पादन बंद, मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख मुआवजा

रायपुर, 8 जुलाई। उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित मेसर्स 3-डी इनोवेशन फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर विस्फोट से तीन श्रमिकों की मौत के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए कारखाने की सभी विनिर्माण गतिविधियों को अगले आदेश तक बंद करा दिया है।
औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। विभाग के प्रयासों से कंपनी प्रबंधन ने प्रत्येक मृतक श्रमिक के परिजनों को 30-30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने पर सहमति जताई है। साथ ही बंदी अवधि में सभी कर्मचारियों को नियमानुसार वेतन व अन्य भत्तों का भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।