सरकारी कर्मचारियों को वेतन के विरुद्ध मिलेगा अल्पावधि ऋण

रायपुर, 8 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को शासकीय सेवकों के लिए वेतन के विरुद्ध अल्पावधि ऋण योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत कर्मचारी ई-कोष के एम्प्लॉयी कॉर्नर से ऑनलाइन आवेदन कर त्वरित वित्तीय सहायता प्राप्त कर सकेंगे। पूरी प्रक्रिया डिजिटल, पेपरलेस और पारदर्शी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे कर्मचारियों को आकस्मिक जरूरतों में ऊंची ब्याज दर पर ऋण लेने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बताया कि योजना के पायलट चरण में 73 हजार से अधिक कर्मचारियों ने पंजीयन कराया, जबकि 27 हजार कर्मचारी लाभान्वित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में बेहतर क्रेडिट स्कोर वाले कर्मचारियों को अधिक राशि के ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।