अवैध रेत परिवहन पर सख्ती,रेत के अवैध परिवहन में लिप्त तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर कार्रवाई की गई


राजनांदगांव, । कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। खनिज विभाग की टीम द्वारा लगातार निगरानी रखते हुए दोषियों पर कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में बुधवार को डोंगरगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम पेटेश्री, आलाबीरा, जामरी, मुड़पार, पारागांवकला, पारागांवखुर्द, मुरमुंदा और माटेकटा सहित अन्य क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रेत के अवैध परिवहन में लिप्त तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर कार्रवाई की गई।
खनिज अमले ने ग्राम पेटेश्री निवासी हेमंत सिन्हा, कोमल सिन्हा और रामबिलास साहू के स्वामित्व वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया। ये वाहन बिना वैध अनुमति रेत का परिवहन कर रहे थे। कार्रवाई के बाद सभी वाहनों को थाना तुमड़ीबोड़ के सुपुर्द किया गया है।
प्रकरण में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराई जा रही है, साथ ही विभाग द्वारा लगातार गश्त और निगरानी भी बढ़ाई गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।