राजनांदगांव। मनगटा क्षेत्र में रिसॉर्टों में डीजे और शराबखोरी की शिकायतों पर सोमनी पुलिस ने रविवार को अचानक बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में 30 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की टीम ने करीब 35 रिसॉर्टों में एक साथ छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई के दौरान अवैध गतिविधियां तो नहीं मिलीं, लेकिन संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई। साफ कहा गया है कि बिना वैध पहचान पत्र एंट्री, डीजे की धमाचौकड़ी, नशाखोरी या अनैतिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियम टूटे तो सीधी कानूनी कार्रवाई तय है।

