राजनांदगांव। होली के मद्देनजर यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में नशे में ट्रक दौड़ा रहे 3 चालकों को ब्रेथ एनालाइजर से पकड़ लिया गया। सभी पर धारा 185 मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां न्यूनतम 10 हजार रुपए जुर्माना तय है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और यातायात प्रभारी नवरतन कश्यप के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन जांच की गई। बिना नंबर प्लेट, दोपहिया पर तीन सवारी और अन्य नियम तोड़ने वालों पर भी चालानी कार्रवाई हुई।
पुलिस ने दो टूक कहा है—नशे में ड्राइविंग, स्टंटबाजी और नाबालिगों को वाहन देना बर्दाश्त नहीं होगा। होली मनाएं, लेकिन कानून तोड़कर नहीं।

