बेमेतरा में वीबी-जी राम जी योजना के कार्यों का आयुक्त ने लिया जायजा

श्रमिकों से किया संवाद, एनएमएमएस ऐप से खुद दर्ज की उपस्थिति

बेमेतरा। विकसित भारत-जी राम जी योजना के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने बेमेतरा जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों का निरीक्षण कर ग्रामीण रोजगार, जल संरक्षण और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने और कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने नदी किनारे जल संरक्षण एवं ट्रेंच निर्माण कार्य का जायजा लिया और 138 श्रमिकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने एनएमएमएस ऐप के जरिए स्वयं श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज की। साथ ही समय पर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने ताला में आंगनबाड़ी भवन, चारभाठा में स्कूल शौचालय और जेवरा (एन) में 26 एकड़ में किए गए फलदार वृक्षारोपण कार्य का निरीक्षण किया। कठिया में पोस्ट मानसून जलदूत ऐप से कुएं के जलस्तर की रीडिंग लेकर उसे अपलोड भी किया।

बाबामोहतरा में चौपाल के दौरान ग्रामीणों और स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर आजीविका संवर्धन एवं रोजगारमूलक कार्यों पर जोर दिया। बाद में अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर रोजगार सृजन, पारदर्शिता, समय पर मजदूरी भुगतान और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।