शारदा पूर्णिमा पर मां सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन

महाश्वेता सरस्वती उत्सव वाहिनी समिति ने निकाली विसर्जन यात्रा

डोंगरगांव। नगर के वार्ड क्रमांक 9 करियाटोला में महाश्वेता सरस्वती उत्सव वाहिनी समिति गौठनपार द्वारा शारदा पूर्णिमा के अवसर पर मां सरस्वती की प्रतिमा का श्रद्धा और उत्साह के साथ विसर्जन किया गया। नवरात्रि की पंचमी तिथि पर प्रतिमा की विधि-विधान से स्थापना की गई थी। उत्सव के दौरान समिति और वार्डवासियों ने प्रतिदिन पूजा-अर्चना की।

शारदा पूर्णिमा पर पूजा के बाद भक्तिमय माहौल में विसर्जन यात्रा निकाली गई। यात्रा वार्ड के विभिन्न मार्गों से होते हुए तालाब पहुंची, जहां विधि-विधान से प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान मां सरस्वती के जयकारे गूंजते रहे। विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में वार्डवासी और समिति के सदस्य शामिल हुए।