रायपुर, रायपुर पुलिस द्वारा शहर में अपराध नियंत्रण और जनहित के कार्यों में आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू किए गए “पुलिस मितान” अभियान के अंतर्गत आजाद चौक अनुभाग के थाना क्षेत्रों के पुलिस मितानों की बैठक साइंस कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित की गई। बैठक में कुल 62 पुलिस मितान उपस्थित रहे।
पुलिस मितान: समाज और पुलिस के बीच मजबूत कड़ी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशानुसार रायपुर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस मितान गठित किए जा रहे हैं। यह मितान न केवल अपराध नियंत्रण में सहयोग करेंगे, बल्कि सड़क हादसों में घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने जैसे मानवीय कार्यों में भी पुलिस का सहयोग करेंगे।
पहचान के लिए टी-शर्ट और लाइसेंस सुविधा
बैठक के दौरान उपस्थित मितानों को पहचान स्वरूप विशेष टी-शर्ट वितरित की गई। साथ ही जिन मितानों के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था, उनके लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर, उन्हें लाइसेंस भी प्रदाय किया गया।
बड़ा सम्मेलन जल्द आयोजित होगा
रायपुर पुलिस द्वारा आगामी दिनों में जिलेभर के समस्त पुलिस मितानों का एक बड़ा सम्मेलन आयोजित किए जाने की भी योजना है, जिसमें प्रशिक्षण, अनुभव साझा करने और प्रेरणा स्वरूप कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) प्रशांत शुक्ल, सीएसपी आजाद चौक अमन झा, तथा थाना प्रभारी सरस्वती नगर, आजाद चौक, कबीर नगर एवं आमानाका उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने मितानों को उनके कर्तव्यों की जानकारी दी और भविष्य में सहयोग की अपेक्षा जताई।
पुलिस की पहल, जनता की भागीदारी – अपराध मुक्त समाज की ओर एक सशक्त कदम।
