93 पौवा अवैध शराब के साथ निगरानी बदमाश प्रदीप तिवारी गिरफ्तार, 9300 रुपये की शराब जब्त

रायपुर, रायपुर पुलिस द्वारा अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। खमतराई थाना क्षेत्र के डेरापारा रावाभाठा इलाके से निगरानी बदमाश प्रदीप तिवारी को 93 पौवा अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है। जप्त शराब की कुल कीमत 9300 बताई गई है।

सूचना पर की गई त्वरित कार्रवाई

दिनांक 17 जून को खमतराई थाना पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि डेरापारा रावाभाठा क्षेत्र में एक व्यक्ति थैले में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी व टीम द्वारा मौके पर रेड कर उक्त व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान प्रदीप तिवारी पिता शिवबरन तिवारी (उम्र 38 वर्ष), निवासी डेरापारा, रावाभाठा, आरटीओ ऑफिस के पास, थाना खमतराई, रायपुर के रूप में हुई। आरोपी थाना खमतराई का निगरानी बदमाश भी है।

93 पौवा देशी शराब बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 93 पौवा देशी मसाला शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹9300 है, बरामद की है। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 645/25, धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।

अवैध शराब बिक्री पर रायपुर पुलिस की सख्ती

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में रायपुर पुलिस अवैध शराब और नशे के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई कर रही है। सभी थाना प्रभारियों और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

पुलिस की अपील:

जनता से अपील है कि यदि उनके आसपास किसी प्रकार की अवैध शराब या नशीली पदार्थों की बिक्री की जानकारी हो, तो तुरंत संबंधित थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।