पान ठेले की आड़ में गांजा बेच रहा था युवक, 2 किलो गांजा और धारदार हथियारों के साथ गिरफ्तार

रायपुर, रायपुर पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। खमतराई थाना क्षेत्र के गंगानगर इलाके में एक पान ठेले की आड़ में गांजा बेच रहे युवक को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 2 किलो गांजा, तीन नग चाकू और एक अस्तुरा बरामद किया गया है।

पकड़ा गया आरोपी –

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पांडो साहू पिता स्व. परघनिया साहू (उम्र 37 वर्ष), निवासी सुलभ के पीछे, गंगानगर, भानपुरी, थाना खमतराई रायपुर के रूप में हुई है।

पुलिस को मुखबिर से मिली थी सूचना

दिनांक 17 जून को खमतराई पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि गंगानगर क्षेत्र में एक व्यक्ति अपने पान ठेले की आड़ में गांजा पुड़ियों में बेच रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर तत्काल रेड की कार्रवाई की गई। मौके पर तलाशी के दौरान पान ठेले से 2 किलो गांजा जिसकी अनुमानित कीमत 22,000 रुपए है, बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त, आरोपी के पास से एक झोले में 3 नग चाकू व एक अस्तुरा भी मिला।

मामला दर्ज, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

खमतराई थाना में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 646/25, धारा 20(बी) NDPS एक्ट एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

पूर्व में दी गई थी सख्त हिदायतें

ज्ञात हो कि क्षेत्र में पूर्व में सभी पान ठेला संचालकों व कुम्हार समाज के सदस्यों की बैठक लेकर यह सख्त हिदायत दी गई थी कि कोई भी व्यक्ति नशे से संबंधित अवैध गतिविधियों में शामिल न हो। बैठक के दौरान चिलम के उपयोग को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया, जिसके परिणामस्वरूप 8 कुम्हारों द्वारा स्वयं की इच्छा से 1700 चिलम नष्ट किए गए थे।

आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में रायपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। थाना प्रभारियों और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को निर्देशित किया गया है कि वे क्षेत्र में मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर कड़ा अंकुश लगाएं।