रायपुर। रायपुर पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और पेमेंट गेट-वे पैनल संचालित करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट व न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस ने की।
पुलिस के मुताबिक दो आरोपी रायपुर से पकड़े गए, जिनसे पूछताछ के आधार पर गोवा में रेड कर 5 अन्य को गिरफ्तार किया गया। आरोपी किराये के मकान में ऑफिस बनाकर सट्टा पैनल और पेमेंट गेट-वे संचालित कर रहे थे। अवैध रकम को क्रिप्टो करेंसी/यूएसडीटी के माध्यम से विदेशों तक भेजा जा रहा था। जांच में अब तक 46,500 यूएसडीटी (करीब 42 लाख रुपये) ट्रांसफर होने की जानकारी मिली है।
गिरोह 431 म्यूल बैंक खातों का उपयोग कर करोड़ों रुपये का लेन-देन कर रहा था। आरोपियों के कब्जे से 5 लैपटॉप, 1 टैब, 58 मोबाइल फोन, 12 एटीएम कार्ड, 3 राउटर, 4 पासबुक, 24,600 रुपये नकद और एक कार सहित करीब 22 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया।
आरोपियों के खिलाफ न्यू राजेन्द्र नगर थाना में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 व बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

