रायपुर। विमतारा सभागार में सरस्वती बुक्स एवं श्री साईनाथ फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में सरस्वती साहित्य सम्मान समारोह आयोजित हुआ। वरिष्ठ साहित्यकार रुद्रनारायण पाणीग्राही को चतुर्थ सरस्वती साहित्य सम्मान प्रदान किया गया। साहित्य रत्न सम्मान युवा गीतकार भरत द्विवेदी तथा पत्रकारिता रत्न सम्मान पत्रकार तृप्ति सोनी को दिया गया। मोहम्मद अज़ीम खान स्मृति प्रथम उर्दू साहित्य रत्न सम्मान इरफ़ानुद्दीन इरफ़ान को मिला।
कार्यक्रम में प्रदेश के 16 युवा साहित्यकारों सहित डोंगरगांव के पत्रकार घनश्याम साव को सरस्वती नव लेखक सम्मान से अलंकृत किया गया। अतिथियों ने अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र व सम्मान चिन्ह भेंट किए।
परिचर्चा सत्रों में वक्ताओं ने बस्तर व छत्तीसगढ़ के इतिहास, संस्कृति और पर्यटन पर विचार रखे। ‘हुनर का मंच’ के अंतर्गत काव्य व संगीत प्रस्तुतियां हुईं। अंत में आयोजकों ने आभार व्यक्त करते हुए साहित्यिक गतिविधियों की निरंतरता का संकल्प दोहराया।

