“दशकों से हिंसा करने वाले नक्सली अब मुख्यधारा में लौट रहे हैं” – उप मुख्यमंत्री शर्मा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद पर मिली हालिया राष्ट्रीय और राज्य स्तर की सफलताएं ऐतिहासिक हैं। तेलंगाना में शीर्ष माओवादी नेताओं के आत्मसमर्पण को उन्होंने नक्सली आंदोलन की कमर तोड़ने वाली घटना बताया।
श्री शर्मा ने जानकारी दी कि संगठन के वरिष्ठ नेता देवजी (तिप्पिरी तिरुपति) और मल्ला राजु रेड्डी (संग्राम) ने हथियार डाले हैं। उन्होंने कहा, “जो लोग दशकों से हिंसा का रास्ता अपनाए हुए थे, वह अब मुख्यधारा में लौट रहे हैं। यह प्रमाण है कि नक्सलवाद अब अपने अंतिम पड़ाव पर है।”
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि विशेष अभियान में अब तक 89 बारुदी सुरंगें नष्ट की गई हैं, 532 नक्सली मारे गए और 2,700 से अधिक ने आत्मसमर्पण किया। उन्होंने 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को पूरी तरह नक्सल मुक्त करने के संकल्प को दोहराया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में “डबल इंजन” सरकार ने निर्णायक कदम उठाते हुए नक्सलवाद के अंत की दिशा में तेजी बढ़ाई है।